लूटपाट के इरादे से खड़े लुटेरों ने पुलिस टीम को देखा तो फायर झोंक दिया। पैर में गोली लगने से एक सिपाही घायल हो गए। हालांकि पुलिस ने घेराबंदी करके दोनों को दबोच लिया।
वैन के साथ उनकी तलाशी में तमंचा व कारतूस बरामद हुए हैं। जिला अस्पताल में घायल सिपाही को देखने एसएसपी मंजिल सैनी भी पहुंचीं।
कोतवाली पुलिस की टीम मंगलवार की रात करीब 12 बजे हथनौली बंबा पर पिकेट लगाए हुए थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि हथनौली चौराहे से खानपुरा जाने वाले मार्ग पर खड़ी मारुति वैन में दो बदमाश लूटपाट के इरादे से खड़े हैं।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम को देखते ही एक लुटेरे ने 12 बोर तमंचा से फायर झोंक दिया। गोली सिपाही अंकित के पैर में लगी। यह देख अन्य सिपाही कपिलदेव ने उसे कवर किया। इसके बाद एसआई प्रमोद कुमार व नितिन वशिष्ठ व सिपाही अवधेश ने घेराबंदी कर दोनों बदमाशों को दबोच लिया।
इनके नाम जयपाल सिंह पुत्र शिवराज सिंह निवासी ग्राम नगला बाग, भरथना और अवधेश पुत्र बैचेलाल निवासी नगला हरी चौबिया हैं। दोनों के खिलाफ पुलिस पार्टी पर फायर करने, लूट के इरादे से खड़े होने आदि आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। तलाशी में पुलिस ने 12 बोर का तमंचा और नौ कारतूस बरामद किए।
कोतवाल बलवीर सिंह ने बताया कि दोनों गिरफ्तार लुटेरों को जेल भेजा गया है। पुलिस मालूम करने में जुटी है कि बरामद वैन चोरी की है या नहीं। उधर इलाज करा रहे सिपाही अंकित का हालचाल जानने के लिए एसएसपी मंजिल सैनी जिला अस्पताल पहुंची।