पुलिस कर्मियों द्वारा ट्रेनों में चेन पुलिंग करने का सिलसिला थम नहीं रहा है। एसएसपी क ी कड़ी चेतावनी के बाद भी सोमवार को एक बार फिर ऐसा ही मामला सामने आया। पीएसी के एक इंस्पेक्टर ने लिक्षवी एक्सप्रेस को चेन पुलिंग कर रोक दिया। जिस पर तुरंत ही आरपीएफ ने इंस्पेक्टर को दबोच लिया और मामले की जानकारी एसएसपी को दी। बाद में इंस्पेक्टर पर जुर्माना लगाकर छोड़ दिया गया।
सोमवार सुबह इटावा स्टेशन से गुजर रही नान स्टाप अप लिक्षवी एक्सप्रेस अचानक ही रुक गई। ये देख आरपीएफ प्रभारी डीबी सिंह चेन पुलिंग की आशंका से तुरंत ही अन्य र्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए और ट्रेन से उतरते एक व्यक्ति को दबोच लिया। पूछताछ में पता चला कि चेन पुलिंग कर ट्रेन से उतरने वाला राजाराम चौधरी पुत्र शिवचरण निवासी आजाद नगर कानपुर जिले में 28 बटालियन में इंस्पेक्टर है। जिस पर आरपीएफ प्रभारी ने उक्त मामले की जानकारी तुरंत ही एसएसपी को दी। इंस्पेक्टर पर रेलवे के नियमानुसार जुर्माना लगाया गया और चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।