फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के गांव उदयपुरा में एक प्लाट के विवाद में दो पक्ष आमने-सामने आ गए। गाली गलौज एवं विवाद होने लगा। तहसीलदार वहां से निकल लिए। इसके बाद दोनों पक्षों में फायरिंग होने लगी। गोली लगने से एक राहगीर घायल हो गया।
गांव उदयपुरा निवासी नत्थू सिंह पुत्र राम सिंह व विजेंद्र सिंह पुत्र रामवीर सिंह के बीच एक प्लाट को लेकर विवाद चल रहा है। नत्थू सिंह ने प्लाट की पैमाइश के लिए तहसीलदार को प्रार्थनापत्र दिया था। शनिवार शाम तहसीलदार सदर पवन कुमार पाठक प्लाट की पैमाइश के लिए उदयपुरा गए थे। जब वह दोनों पक्ष के लोगों से बात कर रहे थे तभी उन लोगों में मारपीट शुरू हो गई। ये देख तहसीलदार चले गए। इसके बाद फायरिंग शुरू हो गई। गांव का एक युवक वीपी सिंह पुत्र रामनरेश वहां से गुजरा तो गोली उसके पैर में जा लगी। एसओ फ्रेंड्स कालोनी फहीम अख्तर मय फोर्स के मौके पर पहुंचे तो फायरिंग करने वाले भाग गए। पुलिस ने नत्थू सिंह के घर के बाहर खड़ी बोलेरो को कब्जे में लिया है। नत्थू सिंह को हिरासत में ले लिया है। घायल वीपी सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसओ फहीम अख्तर ने बताया कि पुलिस फायरिंग करने वालों की तलाश कर रही है।