मौके पर पहुंची पुलिस व छानबीन करती फोरेंसिक टीम।
- फोटो : amar ujala
फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला शांति कालोनी में सोमवार की रात को चोरों ने एनएसजी कमांडो के बंद मकान को निशाना बनाया। चोर मुख्य गेट के ताले तोड़कर घर में प्रवेश कर गए। चोरों ने किरायेदार के कमरे का लॉक तोड़ दिया और बक्से में रखी नगदी व सामान चुरा ले गए। पड़ोस में रहने वाले लोगों को चोरो की भनक नहीं लग सकी।
घटना की जानकारी मंगलवार की सुबह हुई जब लोगों ने ताला टूटा देखा। लोगों की सूचना पर किरायेदार मौके पर पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। चोरी की सूचना पर फ्रेंड्स कालोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उसने डॉग स्क्वॉड व फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर सबूत एकत्रित किए। पुलिस ने मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरों को देखा है। पुलिस चोरो की तलाश में जुटी है। एनएसजी में कमांडो रमेश यादव का फ्रेंड्स कालोनी में मकान है।
वे परिवार के साथ दिल्ली में रहते हैं। उन्होंने मकान के दो कमरे अमराहट, कानपुर देहात निवासी संतोष कुमार पुत्र शिव सिंह को किराये पर दे दिए थे। संतोष परिवार के साथ रविवार की शाम को वोट डालने के लिए अमराहट चले गए थे। सोमवार की रात को चोरों ने मकान को बंद पाकर उसे निशाना बनाया। चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर मकान में प्रवेश कर गए। चोरों ने अंदर जाकर कमरों के ताले चटका दिए। संतोष कुमार के कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़कर चोर उसमें रखे 14 हजार रुपये व सामान ले गए। पड़ोस में रहने वाले लोगों को चोरी की भनक नहीं लग सकी।
घटना की जानकारी मंगलवार की सुबह हुई जब लोगों ने मकान का ताला टूटा देखा। पड़ोस के लोगों ने इसकी जानकारी संतोष को दी। चोरी की जानकारी मिलने पर संतोष मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। चोरी की जानकारी मिलने पर प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार मय फोर्स के मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर डॉग स्क्वॉड व फोरेंसिक टीम को बुलाया।
फोरेंसिक ने मौके से सबूत जुटाए वही डॉग स्क्वॉड घर के बाहर गली तक जाकर रुक गया। पुलिस ने मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला। संतोष कुमार ने बताया कि चोर उनके घर से 14 हजार रुपये ले गए। मकान मालिक के कमरे में सामान के अलावा कुछ नहीं था। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि चोरों के बारे में कुछ अहम सुराग मिले हैं, जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।