मारपीट के शिकार ढाबा संचालक और उनका पुत्र।
- फोटो : अमर उजाला
सिविल लाइन थानाक्षेत्र अंतर्गत सराय भूपत रेलवे क्रासिंग के पास स्थित एक ढाबे पर खाने के पैसे मांगने पर बाइक सवार चार दबंगों ने ढाबा संचालक और उसके पुत्र को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। ढाबे में तोड़फोड़ कर गोलक लूट ले गए। उसमें दो हजार रुपये थे। ढाबा संचालक की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी ।
क्षेत्र के गांव नगला भगत निवासी महेश चंद्र पुत्र राम चरन का सराय भूपत के पास शिवम ढाबा है। सोमवार रात वह ढाबे पर बैठा था तभी रात करीब साढे़ दस बजे दो बाइकों पर सवार चार लोग वहां पहुंचे और खाना लगाने को कहा। कर्मचारियों ने खाना लगा दिया। खाना खाने के लिए बाद वह लोग जाने लगे। जब कर्मचारियों ने पैसे मांगे तो दबंगों ने उनके साथ गाली गलौज शुरू कर दी। ढाबा संचालक महेश ने पैसे देने के लिए कहा तो उक्त लोगों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। जब महेश का पुत्र आदेश उन्हें बचाने आया तो उसे भी पीट दिया।
इसके बाद ढाबे में रखी कुर्सियां, टीवी और अन्य सामान तोड़ दिया। गोलक भी लूट ले गए। पुलिस मौके पर पहुंची और दबंगों को तलाश किया लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने घायल पिता पुत्र का जिला अस्पताल में डाक्टरी परीक्षण कराया। ढाबा संचालक महेश की तहरीर पर पुलिस ने विनय कुमार पुत्र महेश चंद्र, अजय कुमार पुत्र उमेश चंद्र उर्फ गुल्लू, राजवीर पुत्र प्रेम सिंह व रीटू पुत्र विनोद कुमार निवासी नगला बाबा थाना सिविल लाइन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।