कोतवाली क्षेत्र के हाइवे पर स्थित एक ढाबे पर काम करने वाले बाबर्ची ने ढाबा मालिक सहित वहां पर रुके 11 यात्रियों व सहकर्मियों को नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर लूटपाट की। घटना को अंजाम देकर वह ढाबा मालिक की बाइक से ही फरार हो गया।
बताते है कि कन्नौज जनपद के थाना छिबरामऊ के ग्राम खल्लानोगोई निवासी ओमप्रकाश पुत्र गंगाराम राठौर ने ग्राम जलपोखरा पर अमृतसर पंजाबी ढाबा खोल रखा है। पांच दिन पहले ही उसने राजेंद्र नाम के एक व्यक्ति को ढाबे पर खाना बनाने के लिए रख लिया था। रविवार को मध्यरात्रि के बाद राजेंद्र ने फ्रिज में रखे पानी में संभवत: कोई नशीला पदार्थ मिला दी। ढाबे पर मौजूद कुछ लोगों को वह पानी पिला दिया जबकि कुछ लोगों को चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। पानी और चाय पीते ही सभी बेहोश हो गए। सोमवार तड़के वह ढाबे से धन समेटकर और मालिक की अपाचे बाइक को लेकर फुर्र हो गया।
सुबह होने पर ढाबे पर मौजूद सारे लोगों को जब बेहोश देखा तो आसपास के ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी । पुलिस ने सभी को अस्पताल भर्ती कराया। दो लोगों को सैफई रेफर कर दिया गया। सायंकाल तक निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कुछ लेागों को हलका होश आ गया था। वे कुछ बता पाने की स्थिति में नहीं थे। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि बाबर्ची ढाबे का ही धन ले गया है या फिर बेहोश हुए अन्य लोगों की भी जेबें साफ कर गया था।
निजी चिकित्सक के यहां बेहोशी की हालत में लाए गए लोगों में ढाबा मालिक ओम प्रकाश उसके पुत्र सूरज, आकाश, एवं शिवम, ढाबा मालिक ओम प्रकाश के लड़के का साला भोले, अनुराग चौहान पुत्र धर्मेंद्र, निवासी छिबरामऊ, प्रेम लाल पुत्र रामदास ग्राम बछेला थाना सिरसागंज जिला फिरोजाबाद, चौकीदार नाम अज्ञात, धर्मेंद्र चौहान न्यूजेएस कालोनी छिबरामऊ जनपद कन्नौज तथा दो ड्राइवर नाम पता अज्ञात का इलाज चल रहा है। जिनमे से दोनों ड्राइवरों की हालत गंभीर देखते हुए सैफई भेजा गया । पुलिस का कहना है कि बेहोश लोगों के पूरी तरह से होश में आने पर ही पूरी घटना की जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल पूरे मामले पर पुलिस की नजर है।