बीना। चौबिया थाना क्षेत्र के गांव हिद्दपुरा से बाइक से ससुराल जाने के लिए निकले युवक की गर्दन पर चाकू के प्रहार कर हत्या कर दी गई। युवक का शव नगला मरदान में बंबा के पास पड़ा मिला। उसकी बाइक शव से करीब सौ मीटर की दूरी पर पड़ी थी। उसकी गर्दन पर चाकुओं जैसे नुकीले निशान मिले हैं। सूचना पर परिजनों के अलावा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने उसकी हत्या कर शव फेंकने की बात कही है।
क्षेत्र के गांव हिद्दपुरा निवासी 36 वर्षीय शिशुपाल सिंह पुत्र शेष राम बाइक से अपनी ससुराल जाने के लिए दोपहर करीब 12 बजे घर से निकला था लेकिन गांव नगला मरदान के पास बंबा की पटरी पर उसका शव पड़ा मिला। उसकी बाइक शव से करीब सौ मीटर दूरी पर पड़ी थी। उधर से गुजर रहे लोगों ने देखा तो इसकी सूचना उसके परिजनों को दी। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। मृतक की गर्दन पर चाकू से वार करने जैसे निशान लग रहे थे। इस पर परिजनों ने हत्या कर शव को डाले जाने की बात कही । पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भाजपा नेता मनीष यादव पतरे भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया। सीओ सैंफई अंजनी कु मार चतुर्वेदी ने बताया कि देखने से लग रहा है कि युवक की रोड एक्सीडेंट में मौत हुई है। उसकी गर्दन पर घिसटने के निशान लग रहे हैं। मौके पर उसका हेलमेट टूटा पड़ा था। फिर भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत के कारणों का पता लग सकेगा। परिजनों ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है।