बदमाशों के चंगुल से छूटा गोपाल।
- फोटो : अमर उजाला
भरथना चौराहे के पास राधे राधे कालोनी में सोमवार शाम घर के बाहर खेल रहे ट्रक व्यवसायी के पुत्र का वैन सवार बदमाशों ने अपहरण कर लिया। भरथना में बदमाश शराब खरीदने उतरे तो अपहृत किशोर उन्हें चकमा देकर भाग गया। किशोर के पिता की तहरीर पर फ्रेंड्स कालोनी थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र अंतर्गत राधे राधे कालोनी निवासी ट्रक व्यवसायी शरद यादव का पुत्र गोपाल यादव (14) सोमवार शाम करीब छह बजे घर के बाहर खेल रहा था। तभी उससे एक व्यक्ति ने किसी का पता पूछा। गोपाल ने जानकारी होने से इंकार कर दिया। उसके शरद का पुत्र होने की बात पूछकर उस व्यक्ति ने वैन सवार अपने साथियों को इशारा कर दिया। दो लोगों ने गोपाल को वैन में डाल लिया और भाग गए। गोपाल के साथियों ने इसकी जानकारी उसके परिजनों को दी। पुत्र के अगवा होने की जानकारी से परिजनों में हड़कंप मच गया। शरद की सूचना पर पुलिस ने नाकाबंदी कर वैन की तलाश शुरू कर दी। बदमाशों ने गोपाल की टीशर्ट से उसके हाथ बांध दिए। भरथना में स्टेशन जाने वाली रोड पर बदमाश वैन रोककर शराब लेने चले गए। इस बीच गोपाल किसी तरह बंधन खोेलकर रेलवे फाटक के पास पहुंचा और डायल 100 को पूरी जानकारी दी। वहीं गोपाल को वैन से गायब देखकर बदमाश भाग गए। प्रभारी एसओ फ्रेंड्स कालोनी सतीश राठौर फोर्स के साथ भरथना पहुंचे और गोपाल से पूछताछ की। गोपाल ने बताया कि सात बदमाश थे। उसकेपिता की तहरीर पर पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।