भरथना 220 केवीए से चकरनगर बिजलीघर को जाने वाली 33 हजार लाइन के 14 खंभों के बीच तीन हजार मीटर तार चोर काट ले गए। तार काटने के दौरान चोर करीब आधा दर्जन खंभों को तोड़ दिया। सूचना पाकर बिजली विभाग के अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया, बताया लाइन करीब 6 माह से बंद थी।
भरथना 220 पावर स्टेशन से चकरनगर बिजलीघर को जाने वाली 33 हजार की लाइन कुड़रिया रजबाहा से होकर हाईवे पार करके निकली है। लाइन के 14 खंभों के बीच कुड़रिया रजबाहा के पास हाईवे के किनारे चोर तार काट ले गए। 14 खंभों के बीच की दूरी करीब एक किमी है। चोर किसी चार पहिया वाहन से आए थे। उन्होंने हाईवे के बाद ही खंभे से तार काटना शुरू किया। रजबाहा के किनारे बकेवर बंबिया तक इन खंभों के बीच के तीनों तार काटे गए हैं। संभावना है कि बिजली के तार काटने वाले चोर अपने साथ कोई लंबी लग्गी नुमा कटर लाए थे। कुछ खंभों को उन्होंने वाहन के पीछे से टक्कर मारकर तोड़ दिया है। लोगों ने बताया चकरनगर बिजली घर को बिजली सप्लाई टकरूपुर बिजली घर से मिलने के बाद से करीब 6 माह से यह लाइन बंद थी। इसको स्पेयर लाइन के रूप में विभाग तैयार कर रहा था।
लोगों के अनुसार चोरों ने तार काटने की घटना 11 बजे के करीब ही अंजाम दिया है। लाइन के नीचे से गुजरी कुड़रिया गांव को जाने वाले तार के ऊपर चोरों की काटी लाइन गिरते ही बकेवर बिजली घर की सराय जलाल फीडर फाल्ट होने से बंद हो गई थी। बकेवर बिजली घर के सराय जलाल फीडर के लाइनमैन देशराज के अनुसार उस समय करीब 11 बजे होंगे। उसने सराय जलाल फीडर की सप्लाई कई बार लगाने का प्रयास किया, लेकिन सप्लाई रात भर नहीं लगी। सुबह करीब 8 बजे जब वह फाल्ट ढूंढने गया तो उसे खंभों से तार काटे हुए मिले। इसकी सूचना उसने तुरंत एसडीओ बकेवर भूप सिंह को दी। उन्होंने इसकी सूचना चकरनगर एसडीओ अजय कुमार गौतम को दी। वही चकरनगर एसडीओ अजय गौतम से जानकारी करने पर उन्होंने बताया कि करीब तीन हजार मीटर तार कटा है।