कस्बे के इटावा बस स्टैंड के निकट दो शातिरों ने एक व्यक्ति को रेलवे स्टेशन का पता बताने के बहाने बाइक पर बैठाकर उसकी जेब में रखे 50 हजार रुपये पार कर दिए। बाइक से उतरते ही जब उसे जेब कटने का अहसास हुआ तो उसने पीछे से बाइक क ो पकड़कर गिरा लिया और चीख चिल्लाकर भीड़ इकट्ठा कर ली। भीड़ ने दोनों को दबोच लिया। उन्हें पीटकर जीआरपी के हवाले कर दिया।
ग्वालियर का बीएसएनएल कर्मी रामऔतार यादव पुत्र नाथूराम यादव निवासी शताब्दीपुरम रिश्तेदारी में शनिवार को मोहल्ला संजयगांधी मार्ग जा रहा था। इटावा बस स्टैंड के निकट बाइक सवार दो युवकों ने उसे रोककर रेलवे स्टेशन का पता पूछा। जब वह उन्हें पता बताने लगा तो उन्होंने उसे बाइक पर बैठकर स्टेशन तक पहुंचाने को कहा। जब वह स्टेशन पर बाइक से उतरा तो उसने देखा की उसकी जेब कट गई है और 50 हजार भी गायब हैं। इस पर उसने भागने का प्रयास कर रहे शातिरों की बाइक पीछे से पकड़कर सड़क पर गिरा दी और चीखने चिल्लाने लगा। शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए और उनसे पूछताछ शुरू कर दी। तभी मौका पाकर दूसरा बाइक सवार भाग निकला। यह देख भीड़ भी उसके पीछे दौड़ पड़ी और रेलवे ट्रैक के पास जाकर उसे दबोच लिया। इसके बाद भीड़ ने दोनों शातिरों की जमकर ठुकाई की और जीआरपी को दोनों शातिर बदमाश सौंप दिए। जीआरपी को शातिरों ने अपना नाम आकाश कुमार पुत्र रामपाल निवासी कोकपुरा शाला थाना फ्रेंड्स कालोनी इटावा व विकास पुत्र लाखन सिंह ग्राम हसेरन थाना इंदरगढ़ कन्नौज बताया।