पुलिस बल के साथ अपहरण व हत्या का आरोपी इब्राहिम।
- फोटो : amar ujala
बसरेहर थाना क्षेत्र के गांव चकबा बुजुर्ग निवासी गौरव का अपहरण और फिर उसकी हत्या प्रेम प्रसंग के चलते की गई है। मंगलवार को पुलिस ने मामले का खुलासा कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो आरोपी फरार हैं । पुलिस 13 महीने बाद घटना का खुलासा करने में सफल हुई है।
क्षेत्र के गांव चकवा बुजुर्ग निवासी गौरव कुमार (25) वर्ष पुत्र शिवरतन 3 सितम्बर 2017 को अपने घर के बाहर सो रहा था। अचानक वह लापता हो गया। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी थाने में दर्ज की गई थी। एक सप्ताह बाद उसका शव सेंगर नदी में गांव नगला मला के पास सड़ी गली अवस्था में मिला था। दस माह बाद आई डीएनए जांच के बाद शव की शिनाख्त हो सकी। डीएनए रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने हत्या अपहरण में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। इसके बाद पुलिस ने कुछ लोगों को पूछताछ के लिए थाने में बुलाया। बाद में पुलिस को जानकारी मिली कि गौरव की हत्या में इब्राहिम व उसके भाई संजू उर्फ अशफाक का हाथ है। जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने इब्राहिम को पकड़क र उससे पूछताछ की तो सारा मामला खुल गया।
प्रभारी एसओ हरी शंकर ने बताया कि संजू उर्फ अशफाक पुत्र नन्हे खां का प्रेम संबंध गांव की एक महिला से थे। बाद में वह महिला गौरव के संपर्क में आ गई। इस कारण से संजू उससे रंजिश रखने लगा। बदला लेने के लिए उसने अपने भाई इब्राहिम व अपने एक साथी के साथ घर के बाहर सो रहे गौरव को अगवा कर लिया। गला दबाकर गौरव की हत्या कर शव को सेंगर नदी में डाल दिया। इब्राहिम ने बताया कि पहचान मिटाने के लिए उन लोगों ने गौरव के कपडे़ उतार कर उसे फेंका था। इब्राहिम ने पूछताछ में बताया कि वह संजू के दोस्त का नाम नहीं जानता है। पुलिस संजू व उसके साथी की तलाश में जुटी है। पकडे़ गए आरोपी इब्राहिम को जेल भेज दिया गया है।