नगर के मुहल्ला नरायनगंज में शुक्रवार की सुबह चाय
बनाने के दौरान सिलेंडर लीक होने से आग लग गई। आग से नगदी समेत गृहस्थी का
सारा सामान जलकर राख हो गया। आग बुझाने के चक्कर में महिला समेत तीन लोग
घायल हो गए। नगर पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि ने पीड़ित की आर्थिक मदद की ।
रामकली
पत्नी रामसेवक मजदूरी कर अपना जीवन यापन करती है। शुक्रवार की सुबह वह चाय
बना रही थी। इसी दौरान गैस सिलेंडर लीक हो जाने से आग लग गई। देखते ही
देखते आग ने घर में रखे कपड़ों और अन्य सामानों को अपनी चपेट में ले लिया।
आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
चाय बना रही रामकली भी झुलस गई। घर
में लगी आग को बुझा रहे ब्रजेश कुमार और संजू भी झुलस गए। एक घंटे की
मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। रामकली ने बताया कि आग से घर गृहस्थी
का सारा सामान अनाज, टीवी, पंखा जलकर राख हो गया।
तीन हजार रुपये
नगद भी जल गए। आग की सूचना पर मौके पर पहुुंचे नगर पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि
अजय यादव गुल्लू ने आग से पीड़ित की आर्थिक मदद की। राशन डीलर विनोद गुप्ता
से महिला को गेहूं और चावल दिलवाया। इस मौके पर सभासद प्रेमचंद्र पोरवाल,
निहालुद्दीन भी मौजूद रहे ।