पीड़ित महिलाओं से पूछताछ करती पुलिस।
- फोटो : police asking victims
इकदिल थाना क्षेत्र अंतर्गत भरथना रोड पर गैस प्लांट के पास बाइक से पत्नी और साली के साथ जा रहे अधेड़ को बाइक सवार लुटेरों ने रोक लिया। लूटपाट का विरोध करने पर अधेड़ को गोली मार दी और जेवर नगदी लूटकर भाग गए। घायल अधेड़ ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस लुटेरों का पता लगाने में जुटी है।
भरथना थाना क्षेत्र के गांव नगला हरी निवासी विश्राम सिंह (50) पुत्र राजेंद्र सिंह सोमवार दोपहर बाइक से पत्नी बेटी और साली पूनम पत्नी अरविंद निवासी बिठास थाना भरथना के साथ रिश्तेदार के यहां छठी संस्कार में जा रहे थे। गैस प्लांट के आगे दो बाइकों पर सवार चार लुटेरों ने ओवरटेक कर उन्हें रोकने का प्रयास किया। उन्होंने बाइक भगाई तो लुटेरों ने आगे जाकर बाइकें लगा उन्हें रोक दिया। लुटेरों ने मारपीट शुरू कर दी। बेटी और पूनम के पास से जेवर लूटने लगे। विश्राम ने विरोध किया तो लुटेरों ने तमंचा निकाल कर उन्हें गोली मार दी। गोली उनके जांघ के ऊपर लगी जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े।
लुटेरे पूनम के पास से पांच हजार रुपये, मंगलसूत्र, जंजीर, बाले और बेटी के पास से कुंडल, जंजीर और पांच हजार रुपये छीनकर फरार हो गए। आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को दी। फ्रेंड्स कालोनी थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच की टीम और सीओ सिटी शिवराज सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा, जहां डाक्टरों ने विश्राम को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने लुटेरों को पकड़ने के लिए पूरे क्षेत्र की नाकाबंदी कराकर चेकिंग अभियान चलाया लेकिन उनका सुराग नहीं लगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ सिटी शिवराज ने बताया कि तहरीर मिलने पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।