पुलिस हिरासत में हत्यारोपी और जानकारी देते एसपी ग्रामीण राम बदन सिंह। अमर उजाला
- फोटो : amar ujala
पांच लाख रुपये उधार न देने से नाखुश दोस्तों ने ही सराफ-पुत्र की ईंट से सिर कूंचकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने मंगलवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया। पुलिस अभी मुख्य आरोपी तक नहीं पहुंच सकी है।
पुलिस लाइन सभागार में आरोपियों को पत्रकारों के समक्ष पेश कर एसपी ग्रामीण रामबदन सिंह ने बताया कि रविवार को नीलकंठ मंदिर के पीछे राम गंज निवासी अर्पित पुत्र धर्मेंद्र कुमार सोनी का शव मिला था। पुलिस ने धर्मेंद्र की तहरीर पर नितिन और उसके भाई सचिन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। सर्विलांस व छानबीन के दौरान सचिन, नितिन व कृष्णा राजपूत के नाम सामने आए। सचिन व कृष्णा को गिरफ्तार किया गया।
सचिन ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि हमें जानकारी थी कि अर्पित के घर पर ब्याज पर रुपये देने का काम होता है। वे उससे पांच लाख रुपये उधार मांग रहे थे। अर्पित ने मना कर दिया था। इस पर अर्पित को नीलकंठ मंदिर के पास बुलाया गया और ईंट से सिर कूंचकर हत्या कर दी गई। फिर पुलिस व परिवार के लोगों को गुमराह करने और रुपये ऐंठने की नीयत से अर्पित के मोबाइल फोन से ही फिरौती की मांग करते रहे। एसपी सिटी ने बताया कि नितिन के पास ही अर्पित का मोबाइल व बाइक है। उसकी तलाश में टीमें लगी हैं।