इटावा।सैफई थाना क्षेत्र के बघुइया गांव में दबंगों ने दलितों के तीन घराें में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ की। एक दलित व्यक्ति का अपहरण कर ले गए। इस मामले में दबंगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। डेढ़ दर्जन दबंगों पर महिलाओं व पुरुषों से मारपीट, तोड़फोड़ व लूटपाट करने का आरोप है। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस के मुताबिक पीड़ित पक्ष के कुछ लोग घर छोड़कर चले गए हैं।
क्षेत्र के गांव बघुइया निवासी सियाराम पुत्र गंगा राम ने बताया कि 16 मई को वह अपने परिवार के साथ अपने घर पर था। तभी गांव के करीब डेढ़ दर्जन दबंग लोग घर में घुस आए और मारपीट शुरू कर दी। जब परिवार की महिलाएं उसे बचाने के लिए आईं तो दबंगों ने उन्हें भी नहीं छोड़ा। उनके साथ भी मारपीट की। घर में रखा सामान तोड़ दिया गया। डेढ़ घंटे तक दबंगों ने बस्ती में उत्पात मचाया। बाद में जान माल की धमकी देकर चले गए। दबंगों ने दलितों के तीन घरों में उत्पात मचाया।
सियाराम का आरोप है कि जब वह इसकी रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए गए तो दबंगों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। उससे रिपोर्ट न दर्ज कराने की बात कही। इस पर वह तैयार भी हो गया लेकिन जब वह अपने साथियों के साथ टेंपो में सवार होकर गांव की ओर लौटे तो उन्होंने फिर से उसके साथ मारपीट की गई। सियाराम ने बताया कि दबंग उसके पिता को एक गाड़ी में बैठाकर अपहरण कर ले गए। इसके बाद सियाराम ने रविवार को रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रामौतार पुत्र शिवदयाल, पिंटू पुत्र शिवराम, आशीष यादव पुत्र बृजेश यादव, पंकज पुत्र रामौतार व गुमरिया पुत्र अभयराम निवासीगण बघुइया व 10-12 अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण, लूट, मारपीट व जान माल की धमकी देने की धाराओं मेें रिपोर्ट दर्ज की है। इस मामले की जांच सीओ सैफई निर्मल चंद्र विष्ट कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि एक युवक युवती को ले गया था। यह मामला दोनों बिरादरी से जुड़ा है। इसी मामले को लेकर पेशबंदी के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। घटना के बाद पीड़ित पक्ष के कुछ लोग घर छोड़ कर भी चले गए हैं। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि घटना को लेकर एसपी ग्रामीण रामबदन सिंह एवं सीओ सैफई को मौके पर भेजा गया था। शिकायतकर्ता की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दलित परिवार के जो लोग गायब बताए जा रहे हैं। उसकी जांच कराई जा रही है। मौके पर फोर्स की तैनाती कर दी गई है।