नगर स्थित प्रकाश टाकीज में सोमवार को ठेकेदार का शव कमरे में बरामद हुआ है। उसके नाक और कान से खून बह रहा था। पुलिस का मानना है कि ठेकेदार की मौत ब्रेन हैमरेज से हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के तहत नुमायश रोड पर स्थित प्रकाश टाकीज काफी समय से बंद पड़ी है। टाकीज की जगह पर मॉल बनना प्रस्तावित है। इस कारण से टाकीज को तोड़ने का ठेका मथुरा निवासी मल्लू कुरैशी पुत्र इसहाक कुरैशी ने किया था। वह तोड़ने का काम करवा रहा था। रविवार की रात को वह खाना खाने के बाद अपने कमरे में जाकर सो गया। सोमवार सुबह वह सोकर नहीं उठा तो अन्य लोगों ने उसके कमरे में लगे जंगला से झांककर देखा।
कमरे में ठेकेदार का शव पड़ा था। कमरे के दरवाजे की कुंदी अंदर से बंद होने पर लोगों ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद कोतवाल राकेश भारती मय फोर्स के मौके पर पहुंचे और उन्होंने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया। मल्लू कुरैशी के नाक और कान से खून बह रहा था।
कोतवाल राकेश भारती ने बताया कि ऐसा लग रहा कि मल्लू की ब्रेन हैमरेज से मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। सूचना मिलने के बाद उसके परिजन भी आ गए थे।