ज्ञापन देने जाते छात्र-छात्राएं।
- फोटो : अमर उजाला
इटावा। शहर के पक्काबाग के पास स्थित कमला नगर में संचालित एक नर्सिंग कालेज के छात्र-छात्राओं की तहरीर पर फेंड्स कालोनी थाने में प्रबंधक और प्रधानाचार्य के खिलाफ धोखाधड़ी समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस नेे प्रबंधक सूरज को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि इससे फजीवाड़े के बारे में पूछताछ की जा रही है। आरोप है कि नर्सिंग कालेज प्रबंधन ने फर्जी वेबसाइट बनाकर छात्रों को प्रवेश दे दिया है। जानकारी पर पता चला कि वह फर्र्जी निकली। इस पर छात्रों ने उसके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए डीएम को ज्ञापन दिया। डीएम के निर्देश पर फ्रेंड्स कालोनी थाना पुलिस ने प्रबंधक व प्रधानाचार्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
कमला नगर में प्रबंधक सूरज तोमर व प्रधानाचार्य रानू गौर र्ने इंसानी साइंस एंड टेक्नालाजी कालेज खोला है। नर्सिंग कोर्स के लिए उसने एक फर्जी वेबसाइट बनाकर प्रवेश के लिए विज्ञप्ति जारी की। इसमें बताया गया कि कालेज को सिंघानिया यूनिवर्सिटी से मान्यता प्राप्त है। वेबसाइट देखकर छात्र व छात्राओं ने प्रवेश के लिए आवेदन किया। प्रबंधक ने छात्रों से पचास हजार से लेकर एक लाख रुपये लेकर उन्हें प्रवेश दे दिया। बाद में फर्जी प्रवेशपत्र देर परीक्षा भी करा दी। जब छात्र-छात्राओं ने अंक तालिका देने के लिए कहा तो वह हीलाहवाली करने लगा। छात्र शिवम पाल, निशांत कुमार, पुष्पा देवी, रेखा देवी, संजीव मिश्रा, निशा दीक्षित ने बताया कि बाद में जानकारी की तो पता चला कि यूनिवर्सिटी से इस नाम का कोई कालेज संबद्ध नहीं है। उनका आरोप है कि कालेज प्रबंधन ने फर्जी तरीके से प्रवेश देकर उनकी परीक्षा कराकर उन लोगों को धोखा दिया है। छात्रों का कहना था कि करीब 150 छात्र-छात्राओं को फर्जी तरीके से प्रवेश दिए गए। गुरुवार को सभी छात्र-छात्राओं ने डीएम से मिलकर उन्हें प्रार्थनापत्र दिया। डीएम ने फ्रेंड्स कालोनी थाना पुलिस को तत्काल रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। फ्रेंड्स कालोनी थाना पुलिस ने छात्रा निशा दीक्षित निवासी फ्रेंड्स कालोनी की तहरीर पर प्रबंधक सूरज तोमर व प्रधानाचार्य रानू गौर निवासी गांधीनगर के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। एसओ भोलू सिंह भाटी ने बताया कि प्रबंधक सूरज को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।