फैजाबाद से फरीदाबाद लौट रहे कार चालक को रविवार रात नेशनल हाईवे पर मीठेपुर के पास सफेद बोलेरो सवार बदमाशों ने बंधक बना लिया। कार, मोबाइल और साढ़े नौ हजार रुपये लूटने के बाद चालक को सड़क पर फेंककर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर जसवंतनगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
कार चालक बीनेश पुत्र हरपाल सिंह निवासी फरीदाबाद हरियाणा ने बताया कि रविवार रात साढ़े आठ बजे वह फैजाबाद से वापस जा रहा था। नेशनल हाईवे पर मीठेपुर के समीप बोलेरो सवार आठ बदमाशों ने उसकी कार को ओवरटेक कर रुकवाया। कार रुकते ही बदमाशों ने उसे चारों तरफ से घेरकर उतार लिया। उसके सीने पर तमंचा लगाकर बोलेरो में डालकर हाथ, पैर बांध दिए। उसकी कार, मोबाइल और साढ़े 9 हजार नगद लूटने के बाद 8 किलोमीटर मैनपुरी की ओर ले जाकर उसे सड़क किनारे फेंक दिया। वह जैसे-तैसे घिसटकर सड़क की ओर आया। लोगों की मदद से अपने को बंधन मुक्त किया। थाना करहल पहुंचकर चालक ने आपबीती सुनाई। करहल पुलिस उसे जसवंतनगर चौराहे पर छोड़कर चली गई। यहां उसने जसवंतनगर पुलिस को मामले की जानकारी दी। मामला दर्ज कर लिया गया है।