जगन्नाथपुरा गांव में लगी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत शहर से सटे गांव नगला जगे में रविवार शाम अपहृत बालक का 24 घंटे बाद भी सुराग नहीं लग सका है। छानबीन के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गईं हैं। पुलिस ने बालक के पिता की तहरीर पर दो अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
रविवार शाम साढे़ चार बजे क्षेत्र के गांव नगला जगे निवासी हरीशचंद्र का पुत्र आकाश कुमार (9) घर से खेत पर लगे ट्यूबवेल पर जा रहा था। रास्ते में बाइक सवार दो लोगों ने उसका अपहरण कर लिया और कचौरा की ओर भाग गए। पिता हरीशचंद्र ने इसकी जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सिविल लाइन पुलिस और सीओ सिटी मौके पर पहुंचे। बाबा मोती लाल ने पुलिस को बताया था कि आकाश के चाचा हरीशंकर ने खेत पर दोनों आरोपियों के साथ शराब पी थी। इस पर पुलिस ने आकाश के चाचा को हिरासत में ले लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। उसके बताए गए स्थानों पर दबिश देकर आकाश को तलाश किया लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। एसएसपी शिवहरी मीना ने बताया कि बालक को बरामद करने के लिए तीन पुलिस की टीमों को लगाया गया है। अपहरण किस कारण से किया गया, ये जानकारी नहीं मिल सकी है।