चौबिया थाना क्षेत्र अंतर्गत वउनवा संतोषपुर में दो भाइयों में बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद के दौरान गांव के दबंगों ने फायरिंग कर दी। पुलिस ने तीन लोगों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। वउनवा संतोषपुर गांव निवासी प्रमोद कुमार का भाई अरविंद से बंटवारे का विवाद चल रहा है। रविवार को गांव के दबंग वहां पहुंच गए और कहा कि उनके बिना पूछे कैसे बंटवारा कर रहे हो।
दोनों भाइयों ने इस पर विरोध जताया तो दबंगों ने फायरिंग कर दी। लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने फायरिंग करने वाले नौरतन पुत्र राजेश सिंह, कन्हैया पुत्र रामनरेश के अलावा सूचना देने वाले गौरव को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों को शांतिभंग में जेल भेज दिया। एसओ चौबिया विनोद यादव ने बताया कि दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। उन्होंने फायरिंग की बात से इंकार किया।
इसके अलावा क्षेत्र के गांव ड़ुडहा में प्लाट के विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। पुलिस ने दीन दयाल पुत्र मुशीलाल व दूसरे पक्ष के विनोद पुत्र ग्या प्रसाद व रवि पुत्र विनोद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद तीनों को शांति भंग के आरोप में जेल भेज दिया।