रोडवेज तिराहे पर खड़ी रोडवेज बस से लगा जाम।
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रोडवेज बस स्टैंड तिराहे पर सवारियां भरने के विवाद में डग्गामार बस संचालकों ने रोडवेज बस चालक और परिचालक को पीट दिया। पिटाई के विरोध में चालकों और परिचालकों ने तिराहे पर आड़े तिरछी बसें खड़ी कर जाम लगा दिया। सीओ सिटी शिवराज सिंह मौके पर पहुंचे और आक्र ोशित लोगों को समझाया। परिचालक ने इस संबंध में थाने में तहरीर दी है।
औरैया डिपो की बस का चालक राम किशोर पुत्र कल्याण सिंह और परिचालक राजेश कुमार पुत्र तुलसी राम बस स्टैंड से सवारियां लेकर औरैया के लिए निकले थे। बस स्टैंड तिराहे पर सवारियों ने बस रुकवाई। परिचालक सवारियां बैठाने लगा तभी वहां खड़ी प्राइवेट बस के संचालक ने राजेश को पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। परिचालक को पिटता देख चालक राम किशोर उसे बचाने आया तो उन लोगों ने उसके साथ भी मारपीट कर दी। आसपास के लोगों ने दोनों को बचाया। घटना को अंजाम देने के बाद डग्गामारी करने वाले भाग निकले। सूचना जब स्टैंड पर पहुंची तो चालकों और परिचालकों में आक्र ोश पैदा हो गया। वह भी तिराहे पर आ गए और उन्होंने रोडवेज बसों को आड़ा तिरछा खड़ा कर जाम लगा दिया।
जिससे आवागमन बंद हो गया। जाम लगने की सूचना पर सीओ सिटी शिवराज समेत कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मारपीट का शिकार हुए चालक-परिचालक को कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। करीब आधे घंटे बाद रोडवेज के कर्मियों ने जाम खोल दिया। मारपीट का शिकार हुए परिचालक ने बताया कि डग्गामारी करने वाले आए दिन दबंगई दिखाते हुए मारपीट करते हैं। परिचालक राजेश ने इस संबंध में प्रार्थनापत्र दिया। जाम के कारण लोगों को भीषण गर्मी में परेशानी का सामना करना पड़ा।