जसवंतनगर के व्यापारी नेता से फोन पर रंगदारी मांगने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को उनके पास से दो तमंचा व कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस ने उन्हें जेल भेज दिया है।
जसवंतनगर कस्बे के व्यापार मंडल अध्यक्ष सुभाषचंद्र गुप्ता को 11 जनवरी की सुबह एक व्यक्ति ने फोन किया और उनसे दो लाख रुपये की रंगदारी देने को कहा। फोन करने वालों ने धमकी दी कि यदि रुपये नहीं दिए तो उसे परिवार सहित मार दिया जाएगा।
उन्होंने जसवंत नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने दो युवकों को पकड़ लिया। शुक्रवार को एएसपी सर्वानंद यादव ने इन्हें पत्रकारों के समक्ष पेश करते हुए बताया कि व्यापारी नेता सुभाषचंद्र को धमकी देने के आरोपियों को पकड़ने के लिए क्राइम ब्रांच व जसवंतनगर पुलिस को लगाया गया था।
बीते दिन क्राइम ब्रांच प्रभारी रोहित तिवारी ने कचौरा रोड स्थित नहर पुल के पास से कुलदीप पुत्र विनोद कुमार यादव, जितेंद्र सिंह पुत्र अवधबिहारी यादव निवासीगण नगला गुलाल थाना खंगर जिला फिरोजाबाद को धर दबोचा। उक्त दोनों ने शातिर अपराधी शिरोमणि सिंह बनकर रुपये की मांग की थी। पुलिस ने उस मोबाइल को भी बरामद कर लिया है जिससे धमकी दी गई थी। प्रेसवार्ता के दौरान सीओ जसवंतनगर अनिल कुमार और इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह यादव मौजूद रहे।