कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत, साथी घायल
इटावा/ बसरेहर। बसरेहर थानाक्षेत्र के किशनी रोड पर गांव प्रतापपुरा के पास बाइक से जा रहे दो युवकों को तेजी से आ रही कार ने टक्कर मार दी। हेलमेट न लगाए होने से दोनों के सिर पर गंभीर चोटें आईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को पीजीआई भिजवाया। जहां डाक्टर ने एक के मरने की पुष्टि की। जबकि दूसरे का इलाज चल रहा है। हादसे के बाद चालक कार समेत भगा गया। इसके अलावा अन्य सड़क हादसों में तीन लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चौबिया थानाक्षेत्र के गांव खेड़ा हेलू निवासी महिपाल सिंह का 40 वर्षीय पुत्र विजय कुमार गांव के ही संजू पुत्र छविनाथ के साथ बाइक से बुधवार शाम किसी काम से बसरेहर गया था। जब दोनों रात करीब नौ बजे वापस घर आ रहे थे, तभी प्रतापपुरा गांव के पास सामने से आ रही एक कार ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों सड़क पर जा गिरे। हेलमेट न होने से उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं। हादसे की जानकारी मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को पीजीआई भिजवाया। जहां डाक्टरों ने विजय को मृत घोषित कर दिया। जबकि संजू का उपचार चल रहा है। हादसे के बाद चालक कार लेकर भागने में सफल रहा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
दूसरी घटना इटावा-सैफई रोड पर वैदपुरा के पास हुई। जहां साइकिल और बाइक में टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार राजेश कुमार पुत्र प्रेम शंकर व सुधा निवासी बराईपुरा घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलाव मुरी एक्सप्रेस में यात्रा करते समय अचानक ट्रेन से गिरकर विपिन पुत्र रमेश चंद्र निवासी नगला आशा अछल्दा घायल हो गया। उसे भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
- हेलमेट न लगाए होने से सिर पर आईं गंभीर चोटें
- अन्य सड़क हादसों में चार लोग हुए घायल
अमर उजाला ब्यूरो