कार सवार बदमाशों ने चीनी भरा ट्रक लूटा
इटावा। हरदोई से चीनी लादकर बनारस जा रहे एक ट्रक को नीली बत्ती लगी कार सवार लुटेरों ने लूट लिया। लुटेरों ने दो चालकों व क्लीनर को बंधक बनाकर सैफई के पास नहर किनारे फेंक दिया। ट्रक मालिक की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
ट्रक संभल जिले के दीपा सराय सलीमपुरा थाना नखासा निवासी मो. इशरत पुत्र लईक अहमद का है। 17 जुलाई को तुर्तीपुर नखासा निवासी चालक जुबैर और नफीस हेल्पर अमरान पुत्र मुमताज के साथ ट्रक में चीनी लादकर हरदोई से बनारस जा रहा था। हरदोई के लोनार थानाक्षेत्र में नीली बत्ती लगी कार सवार लुटेरों ने ट्रक को रोक लिया। इसके बाद असलहों के बल पर ट्रक को कब्जे में ले लिया।
एक लुटेरा ट्रक लेकर भाग निकला। इसके बाद कुछ लुटेरे उन्हें कार में बैठाकर रात भर इधर से उधर घुमाते रहे। बाद में सैफई थाना क्षेत्र के नहर के किनारे फेंक गए। चालकों ने इसकी जानकारी इशरत को दी। इशरत की तहरीर पर सैफई थाने में मामले की रिपोट दर्ज की गई है। एसओ महेश वीर सिंह ने बताया कि मामला हरदोई जिले का है। जांच के लिए मामला हरदोई भेजा जाएगा।
- दो चालकों व क्लीनर को बंधक बनाकर सैफई के पास फेंका
अमर उजाला ब्यूरो