अमर उजाला ब्यूरो
जसवंतनगर।
बलरई थाना क्षेत्र के डॉ. राम मनोहर लोहिया समग्र योजना के तहत चयनित ग्राम कोकावली के आठ निर्धन एवं अशिक्षित लाभार्थियों को बहला-फुसलाकर लोहिया आवास बनाने के लिए मिली प्रथम किस्त के लाखों रुपये सेंट्रल बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक ने हड़प लिए। पीड़ितों की शिकायत पर बीडीओ ने जांच में मामला सही पाया और ग्राहक सेवा केंद्र संचालक के विरुद्ध धोखाधड़ी एवं गबन का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
कोकावली गांव के वर्ष 2016-17 के लोहिया आवास के लाभार्थी प्रेम सिंह, सीमा कुमारी, भोली देवी, सरिता देवी, मामता देवी, सुमन कुमारी, पानवती, रागिनी देवी को क्रमश: एक लाख 37 हजार 500 रुपये की बैंकर्स चेक तथा एनईएफटी के जरिए उपलब्ध कराई गई थी। लाभार्थियों को यह धनराशि नहीं मिली और लगातार ग्राहक सेवा केंद्र संचालक गुमराह करता रहा। इसके बाद लाभार्थियों को दूसरी किस्त देने के संबंध में गत 2 नवंबर 2017 को वीडीओ कोकावली रामकुमार गुप्ता लाभार्थियों के पास पहुंचे तो लाभार्थियों ने शिकायत की उन्हें पहली किस्त की धनराशि ही नहीं मिली। लाभार्थियों की शिकायत पर उनके द्वारा जांच की गई। उन्होंने सेंट्रल बैंक जसवंतनगर शाखा से सभी लाभार्थियों के खातों का स्टेंटमेंट प्राप्त किया। स्टेटमेंट से जानकारी मिली कि धनराशि निकाली जा चुकी है। लाभार्थियों ने बताया कि उन्हें किसी प्रकार की धनराशि नहीं मिली है। उनके अंगूठे लगवाकर यह कहकर टालते रहे कि आज नेटवर्क नहीं आ रहा है। ग्राहक सेवा केंद्र कोकावली के संचालक राजकिशोर निवासी सरामई पोस्ट नगला तौर थाना बलरई ने 5 जनवरी 2017 और उसके बाद विभिन्न तिथियों में 10-10 हजार रुपये प्रत्येक खाते से 13 -13 बार में अपने खाते में डालकर निकाल लिए। इस प्रकार शासकीय धनराशि की वित्तीय अनिमियतताएं की गई हैं। बीडीओ लाखन सिंह पाल ने बताया कि ऐसा कृत्य पूर्णतया धोखाधड़ी तथा लाभार्थियों के आवास निर्माण में बाधा उत्पन्न की गई है। इस मामले में पुलिस ने ग्राहक सेवा केंद्र संचालक राजकिशोर के खिलाफ मामला दर्ज जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
- धोखाधड़ी में ग्राहक सेवा केंद्र संचालक को जेल
- सेंट्रल बैंक ग्राहक सेवा केंद्र संचालक पर लाभार्थियों के लाखों रुपये हड़पने का आरोप
- खंड विकास अधिकारी ने जांच के बाद धोखाधड़ी और गबन की दर्ज कराई रिपोर्ट