थाना बकेवर पुलिस एवं क्राइम ब्रांच की टीम ने सराफा व्यवसाइयों से लूटपाट करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का खुलासा कर दिया। शुक्रवार रात लखना वन रेंज की कोठी के पीछे पुलिस ने घेराबंदी कर पांच लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। इस गिरोह ने मैनपुरी जिले के भोगांव में सराफा व्यवसायी की हत्या कर लाखों की लूट सहित इटावा, मैनपुरी एवं कन्नौज में पांच लूट की घटनाओं को अंजाम दिया है। बदमाशाें से सोना, चांदी, जेवरात तथा 222800 रुपये बरामद हुए हैं।
शनिवार को पुलिस लाइन में एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि 6 जून की शाम लखना के सराफा व्यवसायी अभय सोनी को तीन बाइक लुटेरों ने तमंचा लगाकर जेवरात लूट लिए थे। इस घटना के खुलासे को बकेवर पुलिस और क्राइम ब्रांच टीम को लगाया गया। पता चला कि गैंग में 8 बदमाश हैं। ये लोग इटावा, मैनपुरी, कन्नौज, औरैया, एटा सहित आसपास के जिलों में सराफा व्यवसाइयों को ही शिकार बनाते हैं। मैनपुरी के हरचंद्रपुर गांव का रहने वाला गोविंद राठौर उर्फ लला पुत्र गुमान सिंह इस गैंग का सरगना है। पुलिस ने गोविंद राठौर, हरिओम पुत्र चंद्रपाल राजपूत निवासी नगला उदई इटावा, पवन उर्फ शैतान सिंह पुत्र नरेद्र सिंह निवासी ग्राम कलुआ टीलपुर थाना नयागांव एटा हालनिवास पावर हाउस रोड मैनपुरी, दुर्गेश चौहान पुत्र अजयपाल सिंह निवासी हरचंदपुर थाना कोतवाली मैनपुरी, सुनील राजपूत पुत्र चंद्रपाल निवासी नगला उदई थाना सिविल लाइन इटावा को गिरफ्तार किया है। बदमाशों ने लखना में सराफा व्यवसायी अभय सोनी के साथ लूट की घटना स्वीकारी है। अभय से लूटा गया माल भी बरामद हुआ है। लूट में प्रयोग की गई बाइक भी पकड़ी गई है। गोविंद और हरिओम मैनपुरी के भोगांव में आठ जून को सराफा व्यवसायी राजेश वर्मा की हत्या कर लूट की घटना में भी शामिल रहे हैं। कन्नौज में भी एक सराफ के साथ लूट, फ्रेंड्स कालोनी में चितभवन रोड पर आभूषणाें की लूट और कोतवाली में सराफा व्यवसायी को तमंचा लगाकर लूट के मामले में इन बदमाशों का हाथ रहा है। एएसपी जितेंद्र श्रीवास्तव, सीओ भरथना शिवराज और सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह राठौर ने पुलिस टीम की सराहना की। टीम को डीजीपी लखनऊ ने 50 हजार, एडीजे लॉ एंड आर्डर ने 15 हजार, एडीजे रेंज ने 12500 और एसएसपी ने 5000 रुपये नगद पुरस्कार देने का एलान किया है।
कई मामले दर्ज
इटावा। सराफा लूटकांड में शामिल बदमाशों पर इटावा, मैनपुरी एवं कन्नौज जिलों में लूट, हत्या एवं हत्या के प्रयास के कई मामले दर्ज हैं। गोविंद राठौर पर सात, दुर्गेश चौहान पर छह, हरिओम पर तीन, पवन पर दो एवं सुनील पर एक मुकदमा दर्ज है।
बरामद सामान
तीन तमंचे, छह कारतूस, 186.5 ग्राम सोना, 902 ग्राम चांदी , 222800 रुपये, दो बाइक, 76 आभूषण, आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस।
पुलिस टीम
एसओ बकेवर जेपीपाल, प्रभारी सर्विलांस सतीश चंद्र, एसआई सुनील कुमार गौतम, नीरज कुमार, कांसटेबल विकास कुमार, संतोष कुमार, विकास तोमर, विजेंद्र सिंह, रूपेश कुमार, शोभाराम, वरुण कुमार, विनोद यादव, प्रवीण कुमार, पवन कुमार, उदयवीर सिंह, उदयपाल सिंह, कपिल कुमार, नागेंद्र कुमार।
सराफा कमेटी भी देगी इनाम
इटावा। सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष श्याम सिंह यादव, व्यापारी नेता शतमन्यु पुरवार, संतोष सिंह चौहान सहित कई व्यापारी भी पुलिस लाइन पहुंचे। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई को सराहा। अध्यक्ष श्याम सिंह वर्मा ने पुलिस टीम को 5000 रुपये का नगद पुरस्कार देकर सम्मानित करने की घोषणा की।