अमर उजाला ब्यूरो
इटावा। बकेवर के बिजौली गांव से भतीजी के साथ पैदल जा रही महिला को बिजौली दुर्गापुरा सम्पर्क मार्ग पर तीन लोगों ने पकड़ लिया। साड़ी से हाथ बांध 11 हजार रुपये व जेवर लूट लिए।
लवेदी थाना क्षेत्र के ग्राम दुर्गापुरा निवासी बृजेश कुमार पुत्र राम स्वरूप ने बकेवर थाने में प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि बुधवार सुबह उनकी पत्नी संगीता देवी व भतीजी सृष्टि ग्राम घुघलपुर रिश्तेदारी में गई थी। वापसी में नेशनल हाईवे स्थित बिजौली ओवरब्रिज पर बस से उतरी। दुर्गापुरा संपर्क मार्ग से लौट रही थी। इसी दौरान गांव के कल्लू सिंह, सचिन कुमार व शनि सिंह ने पीछे से संगीता को खींच लिया और उसके हाथ साड़ी से बांधकर दिए।
भतीजी सृष्टि चिल्लाते हुई भाग निकली। जब तक ग्रामीण आए इन लोगों ने पत्नी का मंगल सूत्र व सोने के बाले, 11हजार रुपये लूट लिए और भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ के बाद लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस मामले को संदिग्ध बात रही है। पुलिस का कहना है कि आसपास के लोगों से पूछताछ की गई, उन्होंने मामले की जानकारी नहीं होने की बात कही है। वे पूरी पड़ताल कर रहे हैं।