कोतवाली पुलिस ने बुधवार को चेकिंग के दौरान अंतर्राज्यीय मोबाइल चोर गिरोह के तीन बदमाशों को पकड़ लिया। इनके पास से 39 मोबाइल फोन, कई सिम और म्यूजिक सिस्टम बरामद हुआ है। गिरोह ने ये मोबाइल सेट दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा से चुराए हैं। पुलिस के अनुसार बरामद मोबाइल की कीमत करीब आठ लाख रुपये है।
बुधवार को कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जीवाराम यादव, एसआई रामवीर सिंह, कांस्टेबिल देवेंद्र कुमार, गणेश शंकर व प्रेम बाबू शहर के पूर्वी प्रवेश पक्का बाग तिराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सेंट्रो कार नंबर यूपी 14 आर 5283 को रोककर चेक किया गया। कार सवार लोगों की तलाशी ली गई। कार से 39 मोबाइल, 10 सिम, एक म्यूजिक सिस्टम और 13 हजार रुपये नगद बरामद हुए। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक श्री यादव ने बताया कि तीनों मोबाइल चोर औरैया के रहने वाले हैं। इनमें दो सगे भाई मान सिंह व अतर सिंह पुत्र हमीर सिंह अजीतमल के राजीव नगर मोहल्ला और नौशाद पुत्र स्व. सुल्तान अजीतमल के मोहल्ला गांधीनगर का रहने वाला है।
शातिर अपराधी है मानसिंह
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक श्री यादव ने बताया कि पकड़ा गया मान सिंह शातिर अपराधी है। उसकेे खिलाफ औरैया जिले के अजीतमल थाना एवं कोतवाली इटावा में कई मामले दर्ज हैं।
दो बार हो चुका फरार
मानसिंह काफी समय से अपराध की दुनिया में है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक श्री यादव ने बताया कि ये पहले भी गिरफ्तार हो चुका है और दो बार जेल से भाग चुका है। इसके ऊपर 5 हजार रुपये का इनाम भी घोषित रहा है।