अमर उजाला ब्यूरो
अहेरीपुर/बकेवर। वीरपुर सलेमपुर गांव के मजरा सलेमपुर में शनिवार को मामूली विवाद में दो पक्षों के बीच हुए संघर्ष में ईंट-पत्थर चलने से एक राहगीर घायल हो गया। झगड़े के बीच एक बाइक में भी आग लगा दी गई। एसओ बकेवर ने भारी पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनो पक्षों के छह लोगों को हिरासत में लिया। घायलों को पीएचसी महेवा भेजा गया। पुलिस ने सभी पर शांतिभंग की कार्रवाई की है।
घासीराम दोहरे ने बताया कि उनका पुत्र राजवीर अहेरीपुर जा रहा था। जब वह बदन दिवाकर के घर के सामने पहुंचा तो वह लोग गालीगलौज करने लगे। विरोध करने पर मारपीट करने लगे तथा छत से ईंट-पत्थर फेंकने लगे। बाद में राजवीर की बाइक को आग के हवाले कर दिया। इस दौरान दूध देने जा रहा गांव का ही रामशंकर दोहरे घायल हो गया। वहीं दिवाकर पक्ष से बदन सिंह के पिता मुंशीलाल ने बताया कि राजवीर पक्ष के लोगों ने उनके साथ गालीगलौज करते हुए हमला कर दिया। जिससे बदन दिवाकर की मां बादामी देवी घायल हो गईं। बकेवर पुलिस दोनों गुटों के लोगों थाने ले गई। घटनास्थल पर जली बाइक को भी पुलिस थाने उठा ले गई। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों गुटों में कई बार झगड़ा हो चुका है। अभी कुछ दिन पहले अहेरीपुर कस्बा में दोनों गुट आपस में भिड़ गए थे। पुलिस ने बदन सिंह, रक्षपाल, टीटू, दूसरे पक्ष के राजवीर, प्रेमचंद , रामशंकर के विरुद्ध शांतिभंग की कार्रवाई की है। वहीं इस संबंध में रीता देवी ने पुलिस को प्रार्थना पत्र भी दिया है। समाचार लिखे जाने पुलिस ने इस बाबत कोई मामला दर्ज नहीं किया था।
- मामूली विवाद में दो गुटों में ईंट-पत्थर चले, एक घायल
- वीरपुर सलेमपुर गांव के मजरा सलेमपुर में हुई घटना
- विवाद में एक बाइक को आग के हवाले कर दिया
- पुलिस ने छह लोगों पर शांतिभंग की कार्रवाई की
फोटो नंबर 01- जली बाइक को देखते ग्रामीण।
फोटो नंबर 27- घायल रामशंकर।