इटावा। बकेवर ग्राम मेहंदीपुर में एक नवविवाहिता का शव घर मे बरामदे में कुंडे से लटका मिला। ससुराल वाले शव छोड़कर भाग निकले। ग्रामीणों ने की सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने पुलिस को जानकारी दी। नवविवाहिता के पिता ने हत्या कर शव को लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बकेवर थाना क्षेत्र की बराऊख चौकी क्षेत्र के ग्राम मेहंदीपुर गांव निवासी जबर सिंह उर्फ दिलीप पुत्र नरेंद्र राठौर की पत्नी पूजा (22) का शव घर के बरामदे में लगे कुंडे से साड़ी से गुरुवार की रात्रि दस बजे लटका मिला। महिला के ससुराल वाले शव लटका छोड़कर भाग निकले। गांव के लोगों ने इसकी जानकारी पूजा के मायके वालों की दी। सूचना मिलने के बाद मायके वाले मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मायके वालों की सूचना पर थाना प्रभारी बकेवर संतोष कुमार त्रिपाठी बराऊख चौकी इंचार्ज गणेश गुप्ता मय फोर्स मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी ने फोरेंसिक टीम को बुलवाकर सबूत एकत्रित किए।
बाद में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। राजपुर थाना चकरनगर निवासी पिता राम आसरे ने बताया कि उसने पुत्री पूजा की शादी 17 फरवरी 2018 को की थी। शादी के बाद से ही पूजा के ससुराल वाले उसका उत्पीड़न कर रहे थे। उसने समझाने का भी प्रयास किया लेकिन उनकी समझ में कुछ नहीं आया। उन्होंने बताया ससुराल वालों ने ही पूजा की हत्या कर शव को लटकाया है। इंस्पेक्टर संतोष त्रिपाठी ने बताया कि इस संबंध में अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।