इटावा। वैदपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत छिमारा के पास स्थित बिजली की गोदाम केे चौकीदार की हत्या के मामले में 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पुलिस हत्यारोपियों के बारे में कोई सुराग नहीं लगा सकी है। खुलासे के लिए एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी ने चार टीमों को लगाया है।
भरथना थाना क्षेत्र के गांव नगला मुलू निवासी राम लखन पुत्र बहादुर सिंह पिछले दो माह से छिमारा के पास स्थित बिजली की टावर लगाने वाली मान कंपनी की गोदाम पर चौकीदार था। शनिवार की रात को वह गोदाम पर लेटा था तभी उसकी गला घोटकर हत्या कर दी गई थी। हत्यारों ने उसके हाथ पांव बांधकर चारपाई से करीब पचास मीटर की दूर झाड़ियों में फेंक दिया था। रविवार की सुबह लोगों को उसकी हत्या की की जानकारी हुई।
हत्या की सूचना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। एसएसपी सहित आला अधिकारियों ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। एसएसपी ने इस घटना को गंभीरता से लिया है। उन्होंने घटना का खुलासा करने के लिए चार टीमों को लगाया है। चारों टीमें हत्यारोपियों का सुराग लगाने के प्रयास में लगी है। लेकिन अभी तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी है।
सीओ सैफई निर्मल चंद्र विष्ट ने बताया कि हत्यारोपियों का सुराग लगाने के लिए चार टीमों को लगाया गया है। सभी टीमें हत्यारों की तलाश में लगी है। लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है।