इटावा। बसरेहर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव चकबा बुजुर्ग में एक छात्र की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने कोर्ट में सरेंडर कर चुके आरोपी को रिमांड पर लेकर उसकी निशानदेही पर पिस्टल बरामद कर ली है। रिमांड की अवधि समाप्त होने पर पुलिस ने उसे जेल दाखिल कर दिया।
थाना क्षेत्र के गांव चकबा बुजुर्ग निवासी छात्र उपेंद्र कुमार पुत्र जय राम यादव गत 25 अक्तूबर को अपनी साइकिल से कोचिंग जा रहा था। रास्ते में उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में मृतक के भाई ने बॉबी उर्फ अवनीश व नीशू उर्फ नवनीश पुत्रगण राज कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार करने के प्रयास किए लेकिन वह फरार हो गए। पुलिस के बढ़ते दबाव के चलते ही बॉबी ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया था।
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पिस्टल को बरामद करने के लिए उसे कोर्ट के आदेश पर बुधवार को रिमांड कर लिया। पूछताछ करने के बाद पुलिस ने गांव अमृतपुरा के पास स्थित गिट्टी प्लांट के पास झाड़ियों से हत्या में प्रयुक्त पिस्टल बरामद कर ली।
प्रभारी निरीक्षक बसरेहर मुकेश चौहान ने बताया कि रिमांड पर लेकर आरोपी बाबी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पिस्टल बरामद कर ली है और अब आगे की कार्रवाई की जाएगी।