बिलग्राम कन्नौज मार्ग पर ग्राम परसोला के पास मंगलवार की रात वाहन की टक्कर लगने से युवक की मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस व परिजन मौके पर पहुंच गए।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम देवीपुरवा मजरा तेरवाकुल्ली निवासी मुकुट बिहारी (23) पुत्र शिवमंगल मंगलवार देर शाम बिलग्राम से बाइक से घर वापस जा रहा था।
बिलग्राम कन्नौज मार्ग पर ग्राम परसोला के पास वाहन ने उसकी बाइक मेें टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल मुकुट बिहारी की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार युवक ने हेलमेट नहीं लगा रखा था, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। राहगीरों से घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पास मिले दस्तावेजों से पहचान करने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया व परिजनों को हादसे की जानकारी दी। परिजनों ने बताया कि मुकुट बिहारी विवाहित था। दो साल पहले ही उसकी शादी हुई थी।
उसके कोई संतान नहीं है। बताया कि वह जेसीबी चलाकर परिवार का भरण पोषण करता था। बुधवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम करा कर शव परिजनों के हवाले कर दिया।
वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत
कोतवाली के ग्राम देवीपुरवा का रहने वाला था युवक
कन्नौज बिलग्राम मार्ग पर परसोला गांव के पास हुआ हादसा