इटावा। जसवंतनगर क्षेत्र के ग्राम मलाजनी मेे संदिग्ध परिस्थितियों में बुधवार को थाने के चौकीदार का शव खेत पर पड़ा मिला। नजर पड़ते ही घटना की जानकारी ग्रामीणों ने पुलिस को दी। पुलिस हार्ट अटैक से मौत होने की आशंका जता रही है।
गांव में रहने वाला मुन्नी लाल पाल (55) थाने की चौकीदारी करता था। मंगलवार शाम 6 बजे मलाजनी हाईवे पर स्थित अपने खेतों में जानवरों की रखवाली के लिए गया था। रात में ही उसकी मौत हो गई। उसका शव उसके खेत में ही पड़ा रहा। बुधवार की सुबह उसकी खेत के बगल में दूसरे खेत के मालिक महेश चन्द्र सुबह उधर से गुजरे तो उन्होंने सूचना उसके परिजनों को दी। बताते है कि उसके दो पुत्र जो बाहर रहते हैं, वे घर पर नहीं थे।
मुन्नीलाल पाल की मां घर पर अकेली थी। सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक जसवंतनगर शिवशंकर पटेल और क्षेत्राधिकारी जसवंतनगर उत्तम सिंह ने मौका मुआयना किया। शव पर किसी भी प्रकार के कोई निशान नहीं थे। क्षेत्राधिकारी जसवंतनगर उत्तम चंद्र ने बताया प्रथम दृष्टिया यह मामला हत्या से संबंधित नहीं है। मृत्यु हार्टअटैक होने से हुई है। उसके परिवार ने रंजिश से इनकार किया है।