अमर उजाला ब्यूरो
इटावा।
कोतवाली क्षेत्र के करमगंज में एक बेकरी में काम करने वाले युवक की मौत के बाद पुलिस लाइन तिराहे पर जाम लगाने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। एसओ सिविल लाइन ने 19 नामजद और 50 अज्ञात लोगों पर सड़क जाम लगाने की रिपोर्ट दर्ज की है।
कांशीराम कालोनी निवासी अभिषेक पंाडे उर्फ गोलू कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला करमगंज स्थित किशोर बेकरी पर काम करता था। गुरुवार को दो लोग उसके घर पर आए और उसे साथ ले गए। जब वह बेकरी में काम कर रहा था तभी करंट लगने से उसकी मौत हो गई। उसे अस्पताल में भर्ती करने वाला युवक भाग गया। परिजनों ने बेकरी मालिक पर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने बेकरी मालिक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज करबेकरी को सील कर दिया। इसके बाद भी लोगों ने पोस्टमार्टम होने के बाद शव को पुलिस लाइन तिराहे के पास रखकर जाम लगा दिया। जिससे यातायात प्रभावित हो गया था। उनकी मांग थी कि मृतक के परिजनों को दस लाख का मुआवजा दिया जाए। लोगों ने शव रखकर हंगामा किया था। बाद में अधिकारी मौके पर पहुंचे और मुआवजे का आश्वासन दिया। एसओ सिविल लाइन देवेंद्र सिंह ने मृतक के भाई पुत्तन के अलावा अमन, राहुल, सर्वेश, उदय, मंगल, विपिन, सोवरन, नौशाद, उमेश, राकेश , आमीन , जावेद , साहिद, संजीव सुभाष , राम मल्होत्रा, छुन्ना पंडित व हिमांशु के अलावा 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसओ देवेद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। जबकि अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
- बेकरी में काम कर रहे युवक की करंट से हुई थी मौत
- मुआवजे की मांग कर किया था हंगामा