इटावा। कोतवाली क्षेत्र के पुराने महिला अस्पताल में स्थित मलेरिया विभाग के भंडारगृह के ताले तोड़कर चोर सामान चुरा ले गए। मलेरिया निरीक्षक व भंडार गृह के प्रभारी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। महिला जिला अस्पताल में मलेरिया विभाग का भंडार गृह है जबकि कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के पास है। भंडार गृह में विभाग का सामान रहता है।
रविवार की रात को चोरों ने भंडारगृह के ताले तोड़कर उसमें प्रवेेश किया और सामान को चुरा ले गए। मलेरिया निरीक्षक नवीन सक्सेना ने बताया कि चोर भंडार गृह से फॉगिंग मशीन, तीन लोहे के ड्रम तीन हैंड कम्प्रेशर पीतल के व चार नैपसैक पंप के अलावा अन्य सामान चुरा ले गए।
नवीन सक्सेना की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। कोतवाल राकेश भारती ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही है। ब्यूरो