इटावा। फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत बेबर रोड पर गांव दतावली नहर पुल के पास लोडर लेकर जा रहे एक चालक को दो लोगों ने रोककर मारपीट की। मारपीट में उसका सिर फट गया। आरोप है कि मारपीट करने वाले उसके पास से नकदी व लोडर की चाबी भी छीन ले गए। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल का जिला अस्पताल में डाक्टरी परीक्षण कराया।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आईटीआई चौराहे के पास स्थित अड्डा भगवान निवासी शिव कुमार पुत्र जय सिंह लोडर चलाकर परिवार का भरण पोषण करता है। मंगलवार की शाम को वह भाड़ा लेने के लिए उदयपुरा जा रहा था। जब वह दतावली नहर पुल के पास पहुंचा, तभी उसे दो लोगों ने रोक लिया और लोडर की चाबी छीनने लगे। विरोध करने पर डंडो से उसके साथ मारपीट कर दी। डंडा लगने से उसका सिर फट गया। शिव कुमार का आरोप है कि मारपीट करने वाले उसकी जेब में पडे़ छह सौ रुपये भी छीन ले गए। घटना की तहरीर दे दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।