अमर उजाला ब्यूरो
इटावा। भरथना के महावीर नगर में सराफा व्यवसायी के 12 वर्षीय बेटे ने फांसी लगाकर जान दे दी। बुधवार दोपहर को स्कूल से लौटने के बाद वह घर में अकेला था, परिवार के लोग घर के बाहर थे। तभी उसने ऐसा कदम उठाया। घरवालों ने बगैर पुलिस को सूचना दिए ही शव का दाहसंस्कार कर दिया।
महावीर नगर में रहने वाले सर्वेश कुमार की सब्जी मंडी में सराफा की दुकान है। बुधवार वह बड़े पुत्र के साथ दुकान बैठे थे। उनकी पत्नी और बेटी घर के बाहर गई थी। तभी स्कूल से आया हर्षित ने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी।
थोड़ी देर बाद घर लौटी हर्षित की मां ने कमरे में बेटे का लटका शव देख तो बेसुध हो गई। सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने हर्षित को रस्सी से नीचे उतारकर अस्पताल ले गए जहां पर डाक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया।
परिवार के लोगों ने बगैर पुलिस को सूचना दिए ही शव का अंतिम संस्कार कराया। भरथना कोतवाल जेपी पाल ने बताया कि उनको घटना की जानकारी नहीं हुई। अगर खुदकुशी की गई तो उसका पता लगाया जा रहा है।