अमर उजाला ब्यूरो
कन्नौज। पुलिस अभिरक्षा में दुष्कर्म के आरोपी युवक के परिजनों ने पीड़िता व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता ने सोशल साइट पर वीडियो वायरल कर आरोपी व उसके परिजनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव लालपुर निवासी अभिषेक उर्फ बउआ 17 जुलाई को पड़ोस के गांव में रहने वाली एक 15 वर्षीय किशोरी को बहला फुसला कर फर्रुखाबाद में रहने वाले एक रिश्तेदार के घर ले गया था। यहां उसने किशोरी से कई बार दुष्कर्म किया। 19 जुलाई को कुसुमखोर चौकी प्रभारी अमर बहादुर सिंह ने गोवर्धनी मंदिर के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर किशोरी को अभिरक्षा में लेकर आशा ज्योति केंद्र भेज दिया।
किशोरी के परिजनों के अनुसार कुसुमखोर चौकी प्रभारी अमर बहादुर की मिलभगत से आरोपी के परिजन पीड़िता को बयान बदलने के लिए धमका रहे हैं। पांच दिन बीतने के बाद भी पुलिस न तो पीड़िता का मेडिकल कराया और न ही सुपुर्द किया। बुधवार को आरोपी के परिजनों ने आशा ज्योति केंद्र पहुंच कर पीड़िता पर कोर्ट में दुष्कर्म का बयान न देने के लिए दबाव बनाया। इन्होंने कहा कि दुष्कर्म का बयान देने पर उसे व उसके परिवार के लोगों को जान से मार दिया जाएगा।
पीड़िता ने सोशल साइट पर एक वीडियो अपलोड कर इंसाफ की मांग की है। वहीं आशा ज्योति केंद्र की मैनेजर सुप्रिया पांडेय ने बताया कि पीड़िता से किसी को मिलने नहीं दिया गया है। वहीं चौकी प्रभारी अमर बहादुर ने बताया कि आरोपी को जेल भेजा जा चुका है। मेडिकल परीक्षण के बाद पीड़िता को बयान दर्ज कराने के लिए कोर्ट में पेश किया जाएगा।
दुष्कर्म आरोपी के परिजनों ने धमकाया
किशोरी को रिश्तेदार के घर ले जाकर युवक ने किया था दुष्कर्म