इटावा। बढ़पुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में घर में महिला को अकेली पाकर गांव के ही एक युवक ने उसके साथ दुराचार का प्रयास किया। शोर मचाने पर महिला के ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगाने लगा। लोगों की सूचना पर यूपी 100 की टीम मौके पर पहुंची और महिला को बचाया। टीम ने आरोपी को पकड़ कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेज दिया।
क्षेत्र के एक गांव की महिला अपने घर पर अकेली थी। उसके परिवारीजन घर के बाहर गए थे। तभी, मौका पाकर मोहल्ले का एक युवक उसके घर में घुस गया और महिला को दबोच लिया। युवक उसे दबोच कर कमरे में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला ने जब विरोध किया तो युवक ने उसके साथ मारपीट की। युवक ने महिला पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगाने की धमकी दी। महिला की चीख पुकार सुन गांव के लोग आ गए और उन्होंने कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर यूपी 100 को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर यूपी 100 की टीम मौके पर पहुंची। युवक ने अंदर से कमरे की कुंडी बंद कर ली। बाद में टीम ने कमरे का दरवाजा तोड़कर महिला को सुरक्षित बाहर निकाला व आरोपी को पकड़ कर उसे बढपुरा थाना पुलिस के हवाले कर दिया। जानकारी मिलने पर महिला के परिजन भी आ गए। पति की तहरीर पर पुलिस ने गांव के गुलशन पुत्र दयानंद के खिलाफ दुष्कर्म का प्रयास करने व जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे जेल भेज दिया।
दरिंदगी: महिला संग दुराचार का प्रयास
क्रासर:::
- विरोध करने पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगाने की कोशिश
- यूपी 100 की टीम ने मौके पर पहुंच महिला को बचाया, आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
अमर उजाला ब्यूरो