इटावा। चौबिया थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने अपने ही गांव के सात युवकों पर पुत्री से दुष्कर्म करने व उसका वीडियो वायरल करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस हरकत में आई और पांच लोगों को हिरासत में ले लिया है। इधर, ग्रामीणों ने महिला के आरोप को निराधार बताते हुए थाने का घेराव कर लिया। सीओ सैफई के निष्पक्ष जांच के आश्वासन पर ग्रामीण माने।
क्षेत्र के एक गांव की महिला ने थाने में दिए दिए प्रार्थनपत्र में आरोप लगाया कि सात लोगों ने उसकी पुत्री के साथ दुष्कर्म किया और उसकी वीडियो बना लिया। वीडियो दिखाकर उसे वायरल करने की धमकी देकर ये युवक उसकी पुत्री के पास से रुपये व जेवर लेते रहे। जब उसे घर से जेवर गायब दिखे तो उसने पुत्री से पूछताछ की। इस पर मामला खुला। पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने गांव के पांच युवकों को हिरासत में ले लिया। इधर, युवकों को हिरासत में लेने की जानकारी मिलने पर गांव के करीब दो सैकड़ा लोग थाने पहुंचे और युवकों को निर्दोष बताकर उन्हें छोड़ने की मांग करने लगे।
थाने के घेराव की जानकारी मिलने पर सीओ सैंफई मस्सा सिंह मौके पर पहुंचे और उन्होंने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष तरीके से जांच की जाएगी। इसके बाद लोग चले गए। सीओ सैफई ने बताया कि तहरीर मिली है मामले की गहराई के साथ छानबीन की जा रही है। जो दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।