इटावा। कक्षा 11 के छात्र फैज की हत्या के मामले में पुलिस के हाथ अभी तक खाली हैं। पुलिस हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर पाना तो दूर हत्या की वजह भी पता नहीं लगा सकी है। हालांकि छात्र के बड़े भाई ने हत्या की वजह क्षेत्र में वर्चस्व की रंजिश बताई है। इस मामले में पुलिस ने छह-सात लोगों को पूछताछ के लिए उठाया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया जाएगा।
कोतवाली थाना क्षेत्र के कबीरगंज तिराहा निवासी मोहम्मद सलीम के बेटे फैज (17) की हत्या कर दी गई थी। उसका शव गुरुवार को सिविल लाइन थाना क्षेत्र के इटावा लायन सफारी के पास मिला था। पोस्टमार्टम में फैज की गोली लगने से मौत की पुष्टि हुई थी। फैज के बड़े शमीम उर्फई सलमान वारसी ने शुक्रवार को बताया कि फैज के एक दोस्त की लड़ाई मोहल्ले के अल्फेश से हो गई थी। बीच बचाव करने पर अल्फेश ने साथियों के साथ मिलकर फैज और उसके दोस्त की पिटाई कर दी थी। इसमें दोस्त के सिर पर चोट लग गई थी। इस मामले में अल्फेश और उसके साथियों के खिलाफ कोतवाली थाने में तहरीर दी थी।
सलमान ने बताया कि बुधवार रात नौ बजे फैज को मेवाती मोहल्ला निवासी उमर ने अशद के मोबाइल से फोन करके फैज को बुलाया और अल्फेश के पास ले गया था। सलमान ने बताया कि अल्फेश क्षेत्र में अपना वर्चस्व बनाना चाहता था। बुधवार रात अल्फेश ने पहले अपने साथियों के साथ मिलकर बाइक से फैज को बाजार में घुमाया और फिर शहर के बाहर ले जाकर उसकी हत्या कर दी। सूत्रों के मुताबिक फैज हत्याकांड में पुलिस ने छह-सात लोगों को उठाया है। इनसे पूछताछ में पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे हैं। फ्रेंड्स कालोनी थाना प्रभारी सुधीर सिंह ने बताया कि छात्र हत्याकांड की जांच और आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।
घर के बाहर बैठा फैज का भाई व रिश्तेदार- फोटो : ETAWAH