सैफई। इलाके के भाऊपुर के मौजा रनुआ गांव में दो दिन पहले इंद्रपाल कठेरिया को गोली मारकर घायल करने के मामले में थाना पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। बुधवार को पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया। वहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
मौजा रनुआ गांव निवासी इंद्रपाल कठेरिया को प्रधानी के चुनाव की रंजिश में गांव में ही सोमवार को गोली मार दी गई थी। उसका सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में उपचार चल रहा है। इस मामले में हत्या का प्रयास व एससीएसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। मामले की जांच सैफई सीओ राकेश वशिष्ठ कर रहे हैं।
विवेचना में भाऊपुर गांव निवासी हुकुम सिंह व उसके भाई अखिलेश का नाम घटना में सामने आया। थाना प्रभारी वीरेंद्र बहादुर यादव ने बताया कि हत्या के प्रयास के मामले में इन दोनों भाइयों को हैवरा बिजली घर के पास से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजा गया है। हालांकि, अभी मुख्य आरोपी परिवार के साथ घर में ताला लगाकर फरार चल रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
--