इटावा। शहर कोतवाली क्षेत्र के पचराहा के पास स्थित एक मकान की तीसरी मंजिल से एक ईंट गिरी, जो वहां गुजर रहे अवधेश यादव (24) के सिर पर गिरी। इससे उसकी मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंचे परिजनों ने अवधेश की हत्या का आरोप लगा हंगामा किया। पुलिस ने किसी तरह परिजनों को शांत कराया। मामले में थाना पुलिस ने मकान मालिक के खिलाफ गैर इरादन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के बरहीपुरा निवासी हर्ष चंद्र यादव का बेटा अवधेश यादव बिजली मिस्त्री था। बुधवार की रात वह किसी काम से बाइक लेकर घर से निकला था। देर शाम वह पचराहा क्षेत्र में वसीम चौधरी के घर के पास से गुजरा। उसी दौरान वसीम के मकान की तीसरी मंजिल से एक बड़ी ईंट आई और अवधेश के सिर पर आ लगी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटनास्थल के पास से गुजर रहे राहगीर व थाना पुलिस घायल अवधेश को जिला अस्पताल ले गई। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। अवधेश की मौत की खबर पाकर परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे और हत्या का आरोप लगा हो-हल्ला किया। थाना प्रभारी ने आक्रोशित परिजनों को समझा कर शांत कराया। थाना प्रभारी के मुताबिक अवधेश के परिजनों की तहरीर के आधार पर मकान मालिक वसीम चौधरी के खिलाफ गैरइरादन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।