बकेवर। बिजौली गांव की बालिका आस्था की मौत को पुलिस ने हादसा मानकर फाइनल रिपोर्ट कोर्ट में पेश कर दी। लखनऊ से आई जांच रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि न होने पर पुलिस ने इसे हादसा माना है।
बकेवर थाना क्षेत्र के बिजौली गांव में 9 अक्तूबर को राजेश बाबू दोहरे की नौ साल की बेटी आस्था का शव गांव के बीच बने कुएं से बरामद हुआ था। वह दो दिनों से लापता थी। आस्था के परिजनों ने हत्या किए जाने का आरोप लगाया था। जबकि उसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत होने की बात सामने आई थी।
परिजनों के आरोप से मामला गंभार हो गया था। मृतका के पिता ने गांव के ही कुछ लोगों पर दुष्कर्म कर हत्या का आरोप लगाया। वहीं अनुसूचित जाति आयोग, बाल आयोग व महिला आयोग को भी प्रार्थनापत्र भेज कर पुलिस की शिकायत की थी कि वह कार्रवाई नहीं कर रही। जिस पर तीनों आयोग ने थाना पुलिस को तलब भी किया था। पुलिस ने दुष्कर्म की जांच के लिए मृतका की स्लाइड लखनऊ प्रयोगशाला भेजी थी। जिसकी जांच रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई। लिहाजा पुलिस ने आस्था की मौत को हादसा मानते हुए गत 28 जनवरी को कोर्ट में फाइनल रिपोर्ट प्रस्तुत कर दी।
मामले के विवेचक कार्यवाहक थानाध्यक्ष सुरेशचंद ने बताया कि लखनऊ जांच रिपोर्ट में बालिका आस्था के साथ दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। उसकी मौत नवदुर्गा जुलूस के दौरान कुएं में गिर जाने से हो गई थी। जो महज एक हादसा था।