इटावा। जीआरपी थाना क्षेत्र के फफूंद रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म तीन से दो चोरों को गिरफ्तार किया गया है। जिनके पास से कानपुर के दादानगर स्थित एक मोबाइल की दुकान से चोरी किए गए 24 नए मोबाइल फोन बरामद कर जेल भेज दिया गया।
फफूंद रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 3 पर एसआई राजेश गौतम सुरक्षा को लेकर गस्त कर रहे थे। प्लेटफार्म पर स्थित शौचालय के पास दो व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगे। जिन्हें पुलिस ने घेराबंदी करके पकड़ लिया। पकड़े गए दोनों चोरों की तलाशी ली गई तो उनके बैग से 24 नए मोबाइल फोन मिले। पुलिस ने फोन संबधी बिल मांगे तो वह दिखा नहीं सके। पुलिस ने उनसे जब पूछताछ की तो उन्होंने अपना नाम प्रशांत यादव पुत्र रामसिंह यादव निवासी फिरोजाबाद थाना खीरो रायबरेली, आदर्श पुत्र मान सिंह यादव निवासी बल्ले का पुरवा थाना बेला जनपद औरैया बताया। दोनों रिश्ते में मौसरे भाई हैं और नाबालिग हैं। कानपुर में स्थित एक नमकीन की फैक्ट्री में काम करते हैं।
एसएसआई प्रेमपाल सिंह ने बताया कि 22 दिसंबर की रात को कानपुर के दादानगर में स्थित स्टेट बैंक चौराहा पर संदीप की मोबाइल की दुकान में शटर काटकर चोरी की गई थी। जिससे करीब 58 मोबाइल चोरी हुए थे। इस मामले में गोविंदनगर थाने में चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया था। चोरी के बरामद किए गए 24 फोन की कीमत करीब 3 लाख 20 हजार बताई गई है। दोनों चोर नाबालिग बताए गए हैं।
इन मोबाइल फोन की बिक्री करने के उददेश्य से फफूंद रेलवे स्टेशन पर आए थे। इस मामले में गोविंदनगर थाने से एसआई राजेश कुमार भी मौजूद रहे। दोनों चोरों को जेल भेज दिया गया।