इटावा। शुक्रवार को बकेवर में बाजार की साप्ताहिक बंदी रहती है। बंदी के बाद भी कई दुकानदार अपनी दुकानें खोलते हैं। शिकायत मिलने पर श्रम प्रवर्तन अधिकारी संत कुमार ने टीम के साथ बकेवर बाजार में छापा मारा। इस बीच कई दुकानदार शटर गिराकर भागे तो कुछ दुकानों पर बाल श्रमिक काम करते मिले।
इस छापे के दौरान श्रम विभाग की टीम ने औरैया रोड पर व्यासपुर मोड़ के पास केजीएन मोटर्स की दुकान पर छापा मारकर एक 16 वर्षीय बाल श्रमिक को काम करते पकड़ा। औरैया रोड पर प्राइमरी स्कूल के पास इटावा मोटर्स के नाम की बाइक मरम्मत की दुकान पर एक अन्य बालक काम करते पकड़ा। दुकानदार अधिकारियों को देखते ही भाग गया। औरैया रोड पर ही एक दुकान पर खाद की बोरियां उतरते देख टीम वहां पहुंची। वहां काम कर रहे एक बालक को टोका। उम्र पूछने पर उसने 18 साल बताई। श्रम विभाग की टीम ने उसे छोड़ दिया। खाद दुकान के मालिक को बाल श्रमिकों से कम न कराने की हिदायत भी दी। इस दौरान जानकारी होने पर व्यापार मंडल के अध्यक्ष सभासद पुरुषोत्तम मिश्रा पहुंच गए। उन्होंने श्रम प्रवर्तन अधिकारी से मुलाकात की तथा दुकानदारों से साप्ताहिक बंदी का पालन करने की अपील की। श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने बताया कि जिन दुकानों पर बाल श्रमिक कार्य करते मिले उन बाल श्रमिकों के घर वालों को बुलाकर सौंप दिया गया। दोनों दुकानों के खिलाफ जुर्माना की कार्रवाई की जाएगी।