इटावा। फ्रेंड्स कालोनी थाना व क्राइम ब्रांच पुलिस ने मंगलवार दोपहर 60 किलो गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनका एक साथी मौके से भाग निकला। बरामद गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये है।
अपर पुलिस अधीक्षक शहर रामयश सिंह और सीओ सिटी चंद्रपाल सिंह की अगुवाई में फ्रेंड्स कालोनी थाना पुलिस व क्राइम ब्रांच टीम मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे भरथना ओवरब्रिज के नीचे एनएच टू के सर्विस रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान इकदिल की ओर से एक कार तेजी से आती दिखी। पुलिस ने उसे रोका तो उसमें सवार एक व्यक्ति उतरकर भाग गया। गाड़ी सवार दो लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया।
फ्रेंड्स कालोनी थाना में अपर पुलिस अधीक्षक नगर क्षेत्र रामयश सिंह ने बताया कि वाहन की तलाशी में दो बोरों में 30 पैकेट में रूप में भरा 60 किलो गांजा बरामद हुआ है। पकड़े गए लोगों के पास से 22940 रुपये मिले, जो गांजा की बिक्री से हासिल हुए थे। बोलेरो गाड़ी भी जब्त कर ली गई है।
एएसपी ने बताया कि मौके से जसवंतनगर थाना के नगला भगत गांव सुरेंद्र सिंह यादव पुत्र दयाराम और उसका बेटा सुनील कुमार यादव पकड़े गए हैं। इनका एक साथी मौके से भाग गया। उक्त तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।
गिरफ्तार बदमाश अंतरराज्यीय तस्कर हैं और सरायभूपत रेलवे फाटक के पास इनका पुराजी ढाबा नाम से होटल है। जहां से नशीले पदार्थों की तस्करी करते हैं। भागे हुए साथी की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगी हैं। विभिन्न स्थानों पर दविशें दी जा रही हैं।