इटावा। कोतवाली क्षेत्र में गत शुक्रवार को चाकू के प्रहार से हुई युवक की हत्या शाहग्रान मोहल्ले की टीला मस्जिद के अंदर हुई थी। शुक्रवार रात करीब दो बजे दर्ज कराई गई रिपोर्ट में मृतक के पिता ने उक्त जगह का जिक्र करते हुए दो परिवारों के पांच लोगों पर बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया है। एएसपी ग्रामीण ओमवीर सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास हो रहे हैं।
मोहल्ला शाहग्रान निवासी मोहम्मद ताहिर ने कोतवाली में दर्ज रिपोर्ट में कि उनका पुत्र तारिक बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र था। गत 15 नवंबर को शाम करीब 4:20 बजे वह पुत्र तारिक के साथ मस्जिद टीला शाहग्रान गया था।
वहां पहले से मौजूद मोहल्ले के ही आफताब उनके दो पुत्र अलताफ व शहबाज, आफताब के भाई भसीन और भसीन का पुत्र तेसीम ने योजनाबद्ध ढंग से उसके पुत्र को घेर लिया। भसीन व आफताब ने कहा कि आज ये बच के न जाने पाए।
तभी अलताफ व तेसीम ने छुरा निकाल कर उसके पुत्र तारिक के पेट व छाती पर वार कर दिए। उसने शोर मचाया तो उक्त लोग उसके बेटे को मरणासन्न अवस्था में छोड़कर भाग गए। मस्जिद में वारदात होने के कारण पूरे मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। आननफानन में बेटे को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
तारिक के पिता ताहिर ने यह आरोप भी लगाया कि एक दिन पूर्व 14 नवंबर की रात आफताब व भसीन ने उसके घर आकर पुत्र को चाकुओं से गोदकर मार डालने की धमकी भी दी थी। पुलिस ने पांचों लोगों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ताहिर के सबसे बेटे तारिक की दो महीने बाद शादी होनी थी। परिजनों ने बताया कि तारिक पढ़ाई के साथ साथ पिता के काम में भी हाथ बंटाता था। पिता ताहिर कर्मक्षेत्र महाविद्यालय के सामने स्टोव मरम्मत की दुकान किए हैं।
पुलिस प्रशासन ने सजगता बरतते हुए रात में शव का पोस्टमार्टम करा दिया था। शनिवार सुबह बाइस ख्वाजा कब्रिस्तान पर शव को दफनाया गया। इस दौरान तमाम लोग घटना पर चर्चा करते रहे।
तारिक की हत्या किन कारणों से हुई। इसका खुलासा अब तक न तो पुलिस ने किया है और न ही परिजन कर रहे हैं। मृतक के पिता ने दर्ज कराई रिपोर्ट में हत्या किए जाने का कारण नहीं दर्शाया है। हालांकि मोहल्ले में प्रेम प्रसंग की चर्चा है।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ओमवीर सिंह ने बताया कि अभी जांच चल रही है। पुलिस हत्या का कारण जानने का प्रयास कर रही है। आरोपियों के गिरफ्त में आने पर खुलासा हो जाएगा।
हत्या के इस मामले में पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया है। चर्चा है कि मस्जिद में हाथ पैर धोने (वजू) के दौरान चाकू से हमला हुआ। इससे नल की टोंटी भी क्षतिग्रस्त हुई है।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने बताया कि आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस की दो टीमें गिरफ्तारी के प्रयास में लगी हैं। मौके से चाकू बरामद हुआ है। पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया था।