इकदिल (इटावा)। रितौर गांव में एक युवक ने घर में ही गले में फंदा कसकर जान दे दी। पत्नी से विवाद को खुदकुशी की वजह बताया जा रहा है। घटना रितौर गांव निवासी मजदूर रमाशंकर के घर की है।
रामशंकर के मुताबिक वह शुक्रवार को एक रिश्तेदार के घर गए थे। घर पर उनकी पत्नी के अलावा सबसे छोटा बेटा नितिन मुकेश (32), उसकी पत्नी दीपिका उर्फ पुष्पा और बच्चे थे। शनिवार सुबह बहू जब चाय लेकर गई तो बेटे नितिन का दरवाजा खटखटाने के बाद भी नहीं खुला।
नितिन की मां ने आसपास के लोगों को बुलवाकर दरवाजा तुड़वाया तो नितिन का शव पंखे के कुंडे से बंधे फंदे से लटका हुआ मिला।
पूछताछ में पता चला कि शुक्रवार रात में नितिन का अपनी पत्नी से किसी बात पर विवाद हुआ था। इसके बाद वह दूसरे कमरे में सोने चला गया। उसी विवाद को खुदकुशी की वजह माना जा रहा है। नितिन की शादी करीब छह साल पहले बकेवर थाना क्षेत्र के दादरपुर गांव से हुई थी।